सरायमीर/मेजवां। सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेवां गाव स्थिति रेलवे गेट संख्या 52सी को बंद किए जाने की योजना के विरोध में गुरुवार को क्षेत्र के कलीमुद्दीन मिर्जा के नेतृत्व में रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन फिल्म अभिनेत्री और पूर्व सांसद शबाना आजमी को सौंपा। कलीमुद्दीन ने कहा कि खरेवा गांव दो हिस्सों में विभाजित है। गांव के बीच से रेलवे ट्रैक गुजरना है। उत्तर जानिब रेलवे 52सी फाटक है। यह फाटक लगभग 200 साल पुराना है। इससे लोगों का अनवरत आना-जाना रहता है। यदि रेल विभाग द्वारा इस फाटक को बंद कर दिया जाएगा तो ग्रामीणों को दो किलोमीटर दूर चक्कर लगाकर पूरब बसे गांव में जाना पड़ेगा। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उक्त गेट से 15 से 20 गांव के लोगों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। जनहित में गेट संख्या 52सी का यथावत रहना न्याय संगत होगा। ज्ञापन देने वालों में जुबैर अहमद, राजेश, तुफैल, लाइक, अदनान, रफीक आदि मौजूद रहे।