आजमगढ़। अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा और प्रदेशीय खरवार महासभा की बैठक रविवार को शिवचंद्र गोंड की अध्यक्षता और दीपू प्रसाद खरवार के संचालन में कुंवर सिंह उद्यान में हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष सुआल प्रसाद गौड़ ने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल अनुसूचित जनजाति आयोग दिल्ली गया था। आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल शाह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से मिला। मुलाकात के दौरान आजमगढ़ की समस्याओं को अवगत कराया गया। आयोग ने आश्वासन दिया है कि एक माह के अंदर अधिकारी अगर समाज का उत्पीड़न बंद नहीं करते हैं तो खुद गोंड और खरवार की समस्याओं का निदान करने के लिए फरवरी माह में आजमगढ़ पहुंचेंगे। उपाध्यक्ष दीपू प्रसाद खरवार ने कहा कि अब तक आलाधिकारी जाति प्रमाण निर्गत करने में हीला हवाली कर रहे हैं। समाज का युवा इस उदासीनता से खिन्न है। अगर जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो हम आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे। प्रदेश महिला अध्यक्ष सूर्यमुखी गोंड ने कहा कि यदि गोंड व खरवार समाज का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा तो दलित आदिवासी समाज वोट का बहिष्कार करने का निर्णय लेगा। अनिकेत गोंड, राजवंश, त्रिभुवन खरवार, आनंद खरवार लक्ष्मीशंकर खरवार, रामसकल, धनीराम, संतोष, गोपाल, भूलन, फिरतू, गोपाल आदि मौजूद रहे।