आजमगढ़। परिषदीय विद्यालयों में रिक्त सहायक अध्यापक के पदों पर नियुक्ति को लेकर छह जनवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा जिले में 62 केंद्रों पर होगी। जिले में 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। परीक्षा की तैयारी में माध्यमिक शिक्षा विभाग जुट गया है। यूपी टीईटी के परिणाम घोषित होने के बाद प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की थी। जिसके लिए आवेदन का क्रम पूर्ण हो चुका है, अब छह जनवरी को भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाना है। भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी डीआईओएस कार्यालय को सौंपी गई है। जिसके तहत परीक्षा नियामक को जिले में परीक्षा कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय द्वारा 62 संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची प्रेषित कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर अंतिम मुहर परीक्षा नियामक द्वारा ही लगाई जाएगी। डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के जिले में परीक्षा देने की संभावना है। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्र चिन्हित कर सूची उपर प्रेषित कर दी गई है। अन्य तैयारियों में भी विभाग जुटा हुआ है। पूर्व की परीक्षाओं की भांति इस परीक्षा को भी नकल विहीन संपन्न कराया जाएगा।