निजामाबाद। स्थानीय कस्बे में शुक्रवार से ही फाल्ट को ठीक करने का काम किया जा रहा है लेकिन सोमवार की देर शाम तक ठीक नहीं हो सका। फाल्ट को ठीक करने के लिए लिया गया शट डाउन से पूरे कस्बे की विद्युत आपूर्ति बंद है। रविवार को कस्बे के निजामाबाद मोड़ पर हुए फाल्ट को ठीक किया जा रहा था। लाइट चेक के दौरान ही स्थानीय थाने के करीब 33 वोल्ट का तार भी फाल्ट हो गया है। इससे पूरे कस्बे की बिजली बाधित हो गई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लोग उमस भरी गर्मी में पूरी रात सो नहीं पाने के कारण काफी परेशान रहे। क्षेत्र में हर पार्टी के नेताओं के होने के बावजूद किसी को इन समस्याओं से लेना-देना नहीं रहता है। इसके कारण कस्बा हमेशा समस्याओं से जूझता रहता है। लोगों के छोटे-बड़े व्यापार पर इसका प्रभाव देखा जा रहा है। फाल्ट सरकारी लाइनमैन नहीं बना रहे हैं, उनके स्थान पर प्राइवेट लाइनमैन के सहारे तीन दिनों से सही कराया जा रहा है। क्षेत्र में जर्जर तार होने के कारण जब एक फाल्ट को सही करते हैं तो लाइट आने पर दूसरा फाल्ट हो जा रहा है। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में जेई रामकृष्ण ने बताया कि फाल्ट सही कराया जा रहा है।