आजमगढ़। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ने की बात कही है। ये बातें उन्होंने विश्वविद्यालय अभियान के प्रतिनिधिमंडल की ओर से विवि संबंधी ज्ञापन सौंपने के बाद कहीं। शिक्षक विधायक ने कहा कि जनपद विवि के सारे मानदंड पूरा करता है। पिछली सरकार में भी इस मुद्दे को विधान परिषद में उठाया था। जनपद में विवि यहां की जनता का हक है। हर स्तर पर विश्वविद्यालय की लड़ाई लड़ी जाएगी। सरकार को इसके लिये बाध्य करूंगा। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए विवि अभियान के संरक्षक और दुर्गाजी पीजी कालेज के पूर्व प्राचार्य डा. वेद प्रकाश उपाध्याय ने डीआईओएस कार्यालय पर आयोजित माध्यमिक शिक्षक संघ के कार्यक्रम में ध्रुव कुमार त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। इंद्रासन सिंह, बृजेश राय, विजय कुमार सिंह ने भी शिक्षक विधायक से विवि के मुद्दे को विधान परिषद में उठाने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में राकेश गांधी, डा. प्रवेश सिंह, शिव बोधन उपाध्याय, डा. सुजीत भूषण, प्रमोद सोनकर, बालमुकुंद सिंह, राजेंद्र सिंह, डा. शिवानंद यादव, मनिंदर कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।