आजमगढ़। डीएम के ओएसडी वीरेंद्र कुमार मिश्रा को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम की जानकारी देने में लापरवाही बरतने पर कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है। जनपद में पूर्वांचल एक्सप्रेस के शिलान्यास को लेकर प्रधानमंत्री के आने आने की मौखिक जानकारी मिलने के बाद से जिला स्तरीय अधिकारियों की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसके बाद भी इतने महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरती गई। प्रधानमंत्री के आने का कार्यक्रम जिलाधिकारी के आवास पर सात जुलाई को 7.35 मिनट पर आ गया था। डीएम के ओएसडी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने इसे रिसीव किया था। इसके बाद भी उन्होंने इसके बारे में जिलाधिकारी को जानकारी नहीं दी। आठ जुलाई को एसपी की ओर से डीएम को इस बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने ओएसडी से इस बारे में जानकारी ली तो उन्होंने कार्यक्रम उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी ने मामले ओएसडी वीरेंद्र कुमार मिश्रा से स्पष्टीकरण तलब किया। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने कार्रवाई की संतुति कर कमिश्नर को रिपोर्ट भेज दी। कमिश्नर जगतराज ने शनिवार को ओएसडी वीरेंद्र कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया।