मुबारकपुर। स्वच्छ भारत मिशन 2018 के तहत पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लेकिन सठियांव विकास खंड के कौड़िया गांव में इस अभियान का कोई असर दिखाई नहीं देता है। सठियांव ब्लाक के कौडिय़ा ग्रामसभा में दो सफाई कर्मियों की तैनाती है। उसके बावजूद गांव में सफाई तनिक भर नहीं है। सफाई कर्मी मात्र औपचारिकता ही पूरा करते हैं। गांव में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गांव के ही संतोष यादव, रामगोपाल यादव, हरिश्चंद यादव की निजी भूमि में गांव का गंदा पानी जमा होने से जलाशय का रूप ले लिया है। जिससे उठने वाली दुर्गंध से अगल बगल के लोंगों का रहना दूभर हो गया है। गांव निवासी राजविजय यादव, रामगोपाल, हरिश्चंद आदि ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान सहित ब्लाक स्तर पर जलनिकासी के लिए गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। ग्रामप्रधान मुहम्मद शोएब का कहना है कि गांव में जल निकासी की समस्या है जिसका मुख्य कारण गांव में चकबंदी का कार्य पूर्ण नहीं होना है। जिसके चलते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की जा सकी है चकबंदी के बाद ही व्यवस्था की जाएगी। ब्यूरो