आजमगढ़। शहर में बेलइसा सब्जी मंडी के पास से ही प्रवेश करते समय गलत ढंग से वाहनों के खड़ा होने से अक्सर लोगों को जाम के झाम से गुजरना पड़ता था। इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को ट्रैफिक विभाग ने सिधारी थाने की पुलिस के सहयोग से नरौली से लेकर बेलइसा मंडी तक गलत ढंग से सड़क के किनारे खड़े छोटे-बड़े 20 वाहनों से 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही छोटे-बड़े दुकानदारों को दुकानों के बाहर सड़क के किनारे वाहन न खड़ा करने या कराने की चेतावनी दी है। पुलिस के इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा। जिले के सभी छोटी-बड़ी बाजारों में सड़क की पटरियों पर छोटे दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। इसके बाद जो जगह बचती है। वहां आधी सड़क तक छोटे-बड़े वाहन खड़े हो जाते हैं। जिनकी वजह से बाजारों में अक्सर जाम के झाम से लोगों को जूझना पड़ता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए एसपी बबलू कुमार ने इस प्रकार के खड़े सभी प्रकार के वाहन चालकों को विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है। एसपी के निर्देश पर यह कार्रवाई अभी तक शहर में शुरू कर दी गई है। आगे चलकर इस प्रकार की कार्रवाई गांव देहात के बाजारों में भी शुरू करने का निर्देश है। इसक्रम में गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक सिधारी चंद्रभाष्कर द्विवेदी के नेतृत्व में टीएसआई अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ नरौली से लेकर बेलइसा मंडी तक सड़क के किनारे गलत ढंग से खड़े छोटे-बड़े 20 वाहनों का चालानकर उनसे करीब 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही जिन दुकानदारों के सामने वाहन खड़े पाए गए उन्हें दोबारा ऐसे वाहन खड़ा कराने की चेतावनी दी गई। इस प्रकार की कार्रवाई शहर कोतवाली पुलिस द्वारा भी की गई। पुलिस के इस कार्रवाई से आमजन जहां राहत महसूस कर रहे। वहीं मनमानी करने वाले वाहन चालकों सहित अन्य में हड़कंप मचा रहा।