आजमगढ़। बायो वेस्ट मैटेरियल के सही निस्तारण पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी की ओर गठित कमेटी ने सोमवार को लछिरामपुर स्थित वेदांता हॉस्पीटल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में काफी अनियमितताएं मिलीं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी जाएगी। वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन ने ऐसी किसी जांच से ही इंकार कर दिया है। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने निजी एवं सरकारी अस्पतालों से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट के सही निस्तारण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। टीम के सदस्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वीके अग्रवाल और जिला समन्वयवक डॉ. सुभाष कुमार पटैरिया ने सोमवार को वेदांता अस्पताल का निरीक्षण किया। मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में अनियमितताएं मिलने पर टीम ने तीन दिन में सुधार कर अवगत कराने का निर्देश दिया। डॉ. वीके अग्रवाल ने बताया कि टीम ने अस्पतालों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी जाएगी। इस बारे में वेदांता के प्रबंधक विशाल जायसवाल ने बताया कि हमारे अस्पताल में मेडिकल वेस्ट निस्तारण की पूरी व्यवस्था है। यहां जांच के लिए कोई टीम नहीं आई थी।