आजमगढ़। सपा नेता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी पर दिए गए बयान का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. रामाशीष यादव ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और सरकार के खिलाफ टिप्पणी कर दी। जैसे ही यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई इसका विरोध शुरू हो गया। भाजपा के जिलामंत्री हरिवंश मिश्रा ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी के इस टिप्पणी की घोर निंदा किया है। उन्होंने कहा कि सीएचसी प्रभारी दूषित मानसिकता से ग्रसित हैं। जिसके कारण वह सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ गलत दुष्प्रचार कर शासन को बदनाम कर रहे हैं। सरकारी पद पर रहते हुए एक जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस तरह से सरकार की आलोचना करना गलत है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जनता के लिए चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का सीएचसी प्रभारी द्वारा सही ढंग से क्रियांवयन नहीं किया जा रहा है। द्वेष की भावना से जनता के बीच सरकार की छवि खराब करने में लगे हुए हैं। श्री मिश्रा ने शासन और प्रशासन से द्वेष की भावना से ग्रसित ऐसे अधिकारी को तत्काल उसके पद से हटाए जाने की मांग किया है।