आजमगढ़। हिंदी व गणित विषय में बच्चों को पारंगत करने के उद्देश्य से शासन ने एक एनजीओ के माध्यम से ग्रेटेड लर्निंग प्रोग्राम की शुरूआत की है। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को हिंदी व गणित विषय पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच दिवसीय प्रशिक्षण की जल्द शुरूआत होगी। फिलहाल प्रशिक्षण कीट की खरीद के लिए टेंडर की कवायद चल रही है। एनजीओ प्रथमा के माध्यम से प्रदेश सरकार हिंदी व गणित विषय में बच्चों को विशेष रुप से दक्ष बनाने की कवायद में जुटी हुई है। बच्चों को दक्ष करने के लिए सरकार ने प्रत्येक परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को ग्रेटेड लर्निंग प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षित करेगी। इसके लिए जिले में लगभग 44 लाख का बजट भी उपलब्ध कराया गया है। इससे लर्निंग किट सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इस किट में तरह-तरह के चार्ट, पाइप व अन्य सामग्री होगी। इसके माध्यम से प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को हिन्दी व गणित विषय में पारंगत करेंगे। जल्द ही जिले प्रशिक्षण कार्यक्रम व किट वितरण शुरू हो जाएगा। बेसिक शिक्षाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि टेंडर होते ही किट उपलब्ध हो जाएगी। ट्रेनरों से प्रशिक्षण के पश्चात विद्यालयों पर तैनात शिक्षक बच्चों को हिन्दी व गणित विषय में विशेष रूप से दक्ष करेंगे।