सगड़ी। तहसील क्षेत्र में रविवार की रात आई आंधी-बारिश में जमसर गांव के पास बिजली का तार टूट गया। इसके चलते डेढ़ सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। जमसर गांव के पास सड़क के किनारे खंभा लगाकर लाइन खींची गई है। रविवार की रात आई तेज आंधी में नीम की डाल टूटकर तार पर गिर गई। इसके चलते तार टूट गया और खंभा भी झुक गया। इससे जमसर गांव के 150 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। छोटे-मोटे उद्योग धंधे बंद हो गए हैं। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग मौन साधे हुए हैं। अभी तक टूटे तार को जोड़ा नहीं गया है। इसको लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर मंगलवार तक टूटा तार जोड़कर विद्युत बहाल नहीं की गई तो हम लोग धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य हो जाएंगे। वहीं, मालटारी (मिर्जापुर) विद्युत उपकेंद्र के रामगढ़ फीडर से रविवार की रात से दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रामगढ़, बांसगांव, इसरापार, बछऊर खुर्द, जमीन, मुहम्मदपुर, भतखोरी, पकवाइनार सहित दर्जनों गांव की बिजली गुल है। एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया जल्द ही टूटा तार जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।