सगड़ी। तहसील क्षेत्र के मधनापार गांव में पौधरोपण समारोह में भाग लेने पहुंचे डीएम का महिलाओं और ग्रामीणों ने घेराव कर लिया। नाली बनाने की मांग करने लगे। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने सेक्रेटरी और प्रधान को नाली बनाने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि निर्माण नहीं कराया तो कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें। डीडीओ ने भी गांव पहुंच मौका मुआयना और निरीक्षण किया। नाली बनवाने का निर्देश दिया। मधनापार गांव में डीएम ने गांव के सभी 381 परिवारों का शौचालय बनाने का निर्देश दिया। कहा कि हर परिवार में शौचालय बनवाएं। अधिकारी-कर्मचारी तीन दिन तक गांव में डेरा डालकर रहेंगे। लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायत पर सेक्रेटरी, लेखपाल और सफाईकर्मी को जमकर फटकार लगाई। कहा कि हर हाल में गांव की सफाई होनी चाहिए नहीं तो बर्खास्तगी के लिए तैयार रहो। डीएम कुल्हड़ में पानी देख काफी प्रभावित हुए। कुम्हार राम लक्षन प्रजापति को बुलाया और जानकारी ली। बताया कि मिट्टी के लिए बड़ी परेशानी होती है। डीएम ने लेखपाल को पट्टा करने के निर्देश दिए।