आजमगढ़। जिला निवार्चन अधिकारी/जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी के निर्देश पर उप निर्वाचन के लिए तैनात एक निर्वाचन और एक सहायक निर्वाचन अधिकारी को बदला गया है। वहीं लालगंज विकास खंड में निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। जनपद में रिक्त पड़े ग्राम प्रधान पद के तीन, बीडीसी पद के चार और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 99 पदों पर उपनिर्वाचन की अधिसूचना जारी हो चुकी है। जिसके तहत 17 अगस्त को मतदान और 20 अगस्त को मतगणना का कार्य होना है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहबरपुर में तैनात निर्वाचन अधिकारी सहायक निबंधक सहकारिता आरके द्विवेदी के स्थान पर चकबंदी अधिकारी धीरेंद्र कुमार शुक्ल, पल्हना में सहायक निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात सहायक विकास अधिकारी आईएसबी पल्हना सुनील कुमार वर्मा के स्थान पर सहायक विकास अधिकारी सहकारिता राजकुुमार बत्रा को तैनात किया गया है। वहीं लालगंज विकास खंड के लिए पशु चिकित्साधिकारी लालगंज डा. सिकंदर अब्बास को निर्वाचन अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी सहकारिता लालगंज विनोद कुमार सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।