आजमगढ़। सूबे की सरकार की ओर से 15 जुलाई से प्रदेश में पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने के घोषणा की गई है। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार रात आठ बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी ईओ से मुखातिब होंगे। इसके लिए सभी को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एडीएम प्रशास नरेंद्र सिंह ने बताया कि पॉलीथिन प्रतिबंध, लाभार्थी परक योजनाओं की स्थिति और स्वच्छ भारत मिशन को लेकर सीएम सभी निकायों के ईओ से सीधा संवाद करेंगे। इसके लिए जनपद की दो पालिकाओं और 11 नजर पंचायतों के ईओ को निर्देशित कर दिया गया है कि आवश्यक सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर एनआईसी भवन में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन पर प्रतिबंध को कड़ाई के साथ लागू कराया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जो भी निर्देश मिलेंगे उसका पालन कराया जाएगा।