फरिहा। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सराय भाऊ के प्राथमिक विद्यालय के पास से शारदा सहायक खंड 32 की उपशाखा बहती है। जो असीलपुर बाजार से होकर मक्खन पट्टी, नंदपुरख् सराय भाऊ आदि गांव के बीच से होकर गुजरती है। इस वक्त नहर में पानी लबालब भरा हुआ है जो नहर से ऊपर आकर मुख्य मार्ग पर बह रहा है। सुबह के वक्त विद्यालय जाने वाले बच्चे पानी के बीच से गुजरकर आवागमन करते हैं। नहर पार करते वक्त कम उम्र के बच्चे कभी भी किसी घटना का शिकार हो सकते हैं। लेकिन इस तरफ किसी नहर विभाग के अधिकारी और ना हीं विद्यालय प्रशासन का ही ध्यान है। सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब नंदपुर गांव का छह वर्ष का लड़का फिसल कर गिर गया और वह पानी में तड़पने लगा। साथ के बच्चों ने शोर किया तब स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बच्चे को बाहर निकाला गया। लोगों ने प्रशासन को चेताया है कि अगर जल्द ही नहर के पानी को सड़क पर बहने से नहीं रोका गया तो वह बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।