आजमगढ़ (ब्यूरो)। योग गुरु स्वामी रामदेव महाराज के आह्वान पर कुंवर सिंह उद्यान में योग मंच के तत्वावधान में रविवार को योग साधकों ने साफ-सफाई किया। योग साधकों ने लोगों से कुंवर सिंह उद्यान को साफ-सुथरा रखने में सहयोग का आह्वान किया। रविवार को कुंवर सिंह उद्यान में आदर्श योग शिक्षक देवविजय यादव के सानिध्य में चौथे दिन भी स्वच्छता अभियान जारी रहा। योग मंच के साधक-साधिकाओं में राजबहादुर यादव, जयश्री यादव, प्रमोद, दुर्गा प्रसाद अस्थाना, दीपक जायसवाल, संतोष सिंह, प्रहलाद, साधना यादव, रंजना सिंह आदि साधकों ने सुबह साढ़े छह बजे से पार्क की सफाई की। देव विजय यादव ने बताया कि स्वच्छता अभियान दो अक्तूबर गांधी जयंती तक चलेगा। जिसमें कुंवर सिंह उद्यान से लेकर उसके अगल-बगल के सारे हिस्सों में सफाई की जाएगी। इस क्रम में योग शिक्षक देव विजय यादव ने बच्चों को योग की विभिन्न कठिन मुद्राओं व प्राणायाम का अभ्यास करवाया।