थाना क्षेत्र के गजईपुर-चत्तुरपुर गांव के सिवान में मंगलवार को खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। अगलगी की इस घटना में दर्जन भर किसानों की लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।
अज्ञात कारणों से खड़ी फसल में आग लगते ही ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीण आग बुझाने की कवायद में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में गजईपुर गांव के राम बहादुर तिवारी, श्रीराम, जयराम प्रजापति, दयाराम, राम बहादुर तिवारी, साधु यादव, कौशल तिवारी, कतवारू यादव, राजबली गुप्ता, राम किशुन, रामचेत, कपिलदेव की लगभग 15 बीघा फसल जलकर नष्ट राख हो गई। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी हीरा सिंह पुत्र मुरली सिंह के गेहूं की फसल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय से नहीं पहुंची थी। जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला।