तहबरपुर। करियावर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के स्टोन नंबर 219.6 के पास मंगलवार की दोपहर में चालक को झपकी आने के कारण एक डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में कानपुर देहात के सिकंदरा निवासी डीसीएम चालक शिवम शर्मा (28) और बहराइच जिले के दरगहां निवासी ईरम (6) की मौत हो गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया जहां सभी का उपचार चल रहा है। तहबरपुर थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि बहराइच जिले के दरगहां क्षेत्र के नई बस्ती निवासी गोस्या (24) पति सोनू व बेटी ईरन (6), बेटा सैजान (3) फयाज (20), समीर (22), राहुल (13) पुत्र मनोहर लाल, सोनू (24), मो. अफजल (26), काले (18), रंजीत राम (35) व अशरफ (22) बिहार के आरा जिले में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। मंगलवार को सभी डीसीएम के केबिन की छत पर बैठकर आरा से बहराइच जा रहे थे। इसकी दूरी 524 किलोमीटर दूर है। करियावर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्टोन नंबर 219.6 के पास पहुंचे थे कि चालक को झपकी आ गई। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। चालक का शव केबिन में फंस गया था। कटर मशीन से डीसीएम की केबिन को काटा गया। इसके बाद चालक का शव बाहर निकाला गया। छत पर नहीं बैठे रहते लोग बच जाती जान : तहबरपुर थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम में 10 गधे, चार खच्चर और छह बकरियां लदी थीं। वाहन में सवार सभी लोग डीसीएम की छत पर बैठे थे। यदि ये लोग वाहन के अंदर बैठे रहते तो हादसे होने के बाद भी छत पर बैठे लोगों की जान बच जाती। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।