आजमगढ़। जनपद में 196 ईंट भट्ठों पर विनियमन शुल्क का एक करोड़ 73 लाख 61 हजार 610 रुपये बकाया है। इस बकाए की वसूली के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर सभी बाएदारों को विनियमन शुल्क जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर उनके द्वारा विनियमन शुल्क को जमा नहीं किया जाता है तो उनके ईंट भट्ठों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। जनपद में कुल 501 ईंट भट्ठों का संचालन होता है। इनके संचालन के लिए इनके संचालकों को विनियमन शुल्क जमा करना होता है। लेकिन जनपद में बिना विनियमन शुल्क जमा किए ही 196 ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है। जिसे गंभीरता से लेते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह के निर्देश पर खनन विभाग की ओर से सभी बकाएदारों को विनियमन शुल्क जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सभी को चेतावनी दी गई है कि अगर उनके द्वारा विनियमन शुल्क को जमा नहीं किया जाता है तो उनके ईंट भट्ठे का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इनके अलावा भी कई ईंट भट्ठा संचालक हैं जिनके द्वारा विनियमन शुल्क जमा नहीं किया गया है। उनको भी विभाग की ओर से नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। खान निरीक्षक सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि विनियमन शुल्क जमा न करने पर अभी इनको नोटिस जारी किया जा रहा है। अगर इनके द्वारा बकाया को जमा नहीं किया जाता है तो इनके ईंट भट्ठों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।