पल्हनी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस को भव्य रुप से आयोजित किए जाने की तैयारी को लेकर शनिवार को शिब्ली इंटर कालेज में जिले मे माध्यमिक व डिग्री कालेजों के प्रधानाचार्यो व प्राचार्यो की बैठक आहुत की गई। जिसमें एडीएम प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्यों व प्राचार्यो को सौंपी। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव अति निकट आ गया है। ऐसे में मतदाताओं को जागरूक किया जाना है। जागरूकता की जिम्मेदारी प्रधानाचार्यों व प्राचार्यो को दी जा रही है। आप अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं को जागरूक करें। प्रयास यह होना चाहिए कि शत प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयू पुर्ण कर लेने वालों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी जागरूक करें। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। इस दिन पूरे देश में 11 बजे शपथ दिलायी जाएगी। इसके साथ ही प्रभात फेरी निकालने के साथ ही स्लोगन राइटिंग, वाद विवाद प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित किया जाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता साक्षरता क्लब का गठन सभी माध्यमिक विद्यालयों में होना है लेकिन अब तक 719 विद्यालयों में से मात्र 179 विद्यालयों में ही इसका गठन हो सका है। सभी प्रधानाचार्यो को तीन दिनों में क्लब का गठन कर सूचना उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने कहा कि 25 दिसंबर को प्रभात फेरी के आयोजन के साथ ही रंगोली, राइटिंग, वाद विवाद व निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन अवश्य किया जाए। इसके साथ ही सभी कार्यक्रमों की फोटोग्राफ नोडल अधिकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला विकास अधिकारी के व्हाट्सएप नंबर पर अवश्य भेजा जाए। बैठक में प्रधानाचार्य डॉ. सविंदर सिंह, राजनरायण, अनिल, उग्रसेन, जयप्रकाश, सुधीर, माधवी, सुधा सिंह सहित अन्य प्रधानाचार्य मौजूद रहे।