मेजवां। सप्ताह में पांच दिन आजमगढ़ के रास्ते सूरत से छपरा के बीच चलने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (19045/19046) की खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव को लेकर रेल विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को रेल अधिकारियों ने खुरासन रोड पर ताप्ती गंगा के ठहराव के लिए वस्तु स्थिति जानकारी ली। ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पहले वाराणसी से सूरत के बीच चलती थी। पांच वर्ष पूर्व घोसी के पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान के प्रयास से ताप्ती गंगा का मार्ग विस्तार कर दिया गया। रेलवे बोर्ड ने ताप्ती गंगा को शाहगंज, आजमगढ़ के रास्ते छपरा तक मार्ग का विस्तार कर सप्ताह में पांच दिन चलाना शुरू कर दिया। अभी तक ताप्ती गंगा का ठहराव फूलपुर के खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर नहीं दिया गया। इसके चलते, क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी होने लगी। भाजपा सांसद नीलम सोनकर ने प्रधानमंत्री और रेलमंत्री से मुलाकात कर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग की थी। इसे संज्ञान में लेते हुए रेलवे बोर्ड ने ताप्ती गंगा के ठहराव के लिए कवायद शुरू कर दी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर ताप्ती गंगा के शीघ्र ठहराव होने की सौगात मिलने की संभावना बताई जा रही है।