आजमगढ़। किसानों की मांगों को देखते हुए धान क्रय केंद्रों में इजाफा किया गया है। छह और धान क्रय केंद्रों को जिलाधिकारी की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत केंद्रों पर आवश्यक प्रबंध करते हुए जल्द से जल्द धान खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। एक नंवबर से जनपद में धान की खरीद शुरू हो गई है। इस बार शासन की ओर से लगभग 62300 एमटी धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद में कुल 52 केंद्र बनाए गए थे। किसानों की ओर से और केंद्र बनाने की मांग उठाई जा रही थी। छह और धान क्रय केंद्रों को जिलाधिकारी की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें पीसीएफ कृषक सेवा केंन्द्र रेड़हा अहरौला, साधन सहकारी समिति लिमिटेड, गोमाडीह ठेकमा, सहकारी संघ सिंहपुर मेंहनगर, साधन सहकारी समिति लिमिटेड ओहनी पल्हना, साधन सहकारी समिति लिमिटेड मुड़हर ठेकमा, साधन सहकारी समिति बीबीपुरडीह तरवां नये केंद्र बनाए गए हैं। अब कुल केंद्रों की संख्या 58 हो चुकी है। अभी तक 52 केंद्रों पर कुल 3325 एमटी धन की खरीद हो चुकी है। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने बताया कि जिला प्रबंधक पीसीएफ को स्वीकृत क्रय केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराकर धान खरीद सुनिश्चित कराने को कहा गया है। मंडी सचिव को केन्द्र संचालन के लिए इलेक्ट्रानिक कांटा, नमी मापक यंत्र, पंखा, छनना आदि उपलब्ध कराने को कहा गया है।