आजमगढ़। यदि आप किसी कार्य या घूमने की नीयत से जनपद आने की सोच रहे हैं तो परेशानी उठानी पड़ सकती है। 12 से 15 जुलाई तक जनपद के सभी होटल बुक है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान होने वाली वीआईपी मूवमेंट और अधिकारियों के आमद के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सभी प्रमुख होटलों को 12 जुलाई से पीएम का कार्यक्रम समाप्त होने के आरक्षित करा लिया है। इस स्थिति में आम लोगों को रूम आदि लेने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आने वाले दिनों में वीवीआईपी मूवमेंट बढ़ने वाली है। एसपीजी के साथ ही अन्य बड़े अधिकारियों का दौरा भी शुरू हो जाएगा। इतने लोगों के रुकने आदि की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई है। शहर के 10 से ज्यादा प्रमुख होटलों के अधिकतर एसी कमरों को प्रशासन की ओर से 12-13 जुलाई से कार्यक्रम समाप्ति तक आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। होटल स्वामियों को भेजे गए निर्देश साफ तौर पर कहा गया है कि आवश्यकतानुसार कमरों को अधिग्रहीत कर लिया जाएगा। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कुछ होटलों में कमरें आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।