आजमगढ़। प्रदेश सरकार 15 अगस्त से ई-आफिस व्यवस्था शुरू करने जा रही है। जिसे लेकर कर्मचारियों के ट्रेनिंग की कवायद शुक्रवार से शुरू हो गई। राजकीय पालीटेक्निक में शुरू हुई ट्रेनिंग में पहले दिन विभिन्न विभागों के डेढ़ सौ कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षित किया गया। मास्टर ट्रेनर कुलभूषण सिंह ने बताया कि ई-आफिस व्यवस्था के तहत सरकारी कार्यालयों में पेपरलेस वर्किंग की शुरूआत होगी। कर्मचारियों को सारे काम कंप्यूटर पर ही करने होंगे। पत्र और अन्य डॉक्यूमेंट ऑनलाइन आयेंगे और उन्हें कंप्यूटर में ही उन्हें सुरक्षित रखना होगा। शुक्रवार को ट्रेनिंग के पहले दिन डीआईओएस, कृषि, सिंचाई आदि विभागों के पचास-पचास कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में ट्रेनिंग दी गई। कर्मचारियों को डिजिटल फाइल बनाने, लेटर को पीडीएफ फारमेट में कन्वर्ट करने और उसका डिजिटल रूप में आदान-प्रदान करने आदि की जानकारी दी गई। जिलास्तरीय कार्यालयों के कर्मचारियों की ट्रेनिंग 12 जुलाई तक चलेगी। इसके पश्चात मंडलीय कार्यालय के कर्मचारी ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे। मास्टर ट्रेनर के रुप में समीउल्लाह अंसारी और अंशुमान राय भी तैनात किये गये है।