अंबारी। दीदारगंज क्षेत्र के सेंट तुलसी ग्लोबल स्कूल का वार्षिकोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक मां की ममता और मौलिक अधिकार को लोगों ने खूब सराहा। इससे पहले पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. उमादत्त मिश्र और संस्थापक डॉ. जेपी सिंह ने माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षा वह जननी है जिससे संस्कार और संस्कृति का निर्माण होता है। इसलिए समग्र विकास के लिए शिक्षित समाज का होना आवश्यक है। सरस्वती और गणेश वंदना, स्वागत गीत, कैसेट डांस, कौव्वाली, देवी गीत, गजल, देशभक्ति गीत और लोकगीतों से बच्चों ने दर्शकों का मनोरंजन किया और उपनी प्रतिभा दिखाई। प्रधानाचार्य विनोद यादव, दुर्गेश सिंह, डॉ. वकील नजीर, मनीष सिंह, रामपाल सिंह, विकाश सिंह, दीपचन्द जोशी, मुकेश सिंह, स्वाति कश्यप, सन्तोषी सिंह आदि लोग रहे। अध्यक्षता डॉ. उमादत्त मिश्र और संचालन छात्र साक्षी, नैन्सी, ओम सिंह और अरुनाभ सिंह ने किया। डायरेक्टर दुर्गेश सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।