अंबारी। खाली पड़े माहुल नगर पंचायत के ईओ के पद पर बुधवार को एसडीएम फूलपुर ललित कुमार ने चार्ज ग्रहण किया। उनके चार्ज ग्रहण करने पर नगर पंचायत के चेयरमैन बदरेआलम और सभासदों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद एसडीएम ने चेयरमैन बदरेआलम और सभासदों के बीच चार माह से चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए बैठक की। बैठक में वार्ड नंबर चार के सभासद प्रह्लाद ने कहा कि चेयरमैन के हस्ताक्षरयुक्त पत्र दिखाकर ठेकेदार के माध्यम से मकानों पर नंबर प्लेट लगाकर प्रति घर से 50 रुपये की वसूली की गई। एसडीएम ने कहा कि इस मामले की जांच होगी। वार्ड नंबर सात के सभासद खालिद कुरेशी ने पूछा कि नगर पंचायत की प्रथम बैठक में बगैर सभासदों की अनुमति के सात लाख का वित्तीय अधिकार चेयरमैन को दे दिया गया और एजेंडा रजिस्टर में दर्ज भी कर दिया गया। इस पर यहां के लिपिक सुभाष को इसको दुरुस्त करने और रजिस्टर से इस चीज को हटाने का निर्देश एसडीएम ने दिया।वार्ड नंबर तीन के भूखल राम ने रास्ते, नाली व सभासदों के अधिकार और वार्ड पांच के सभासद ओमप्रकाश बिंद ने अपने वार्ड में साफ सफाई आदि न कराए जाने, विकास कार्यों की अनदेखी आदि का आरोप चेयरमैन पर लगाया। एसडीएम ने हर समस्या के निराकरण का भरोसा दिलाया। बैठक के बाद नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार, वार्ड नंबर एक और वार्ड नंबर सात में बन रहे सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर कमियों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।