आजमगढ़। नये और चुनावी साल में 33 हजार से ज्यादा पात्र लोगों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास सुविधा से लाभान्वित किया जाएगा। इन लोगों के नामों की फीडिंग 30 नवंबर तक प्रधानमंत्री आवास प्लस एप पर की जा चुकी है। ये ऐसे लाभार्थी हैं जिनका नाम सेस सूची में नहीं था। ये पात्र होते हुए भी शासन की सुविधा से वंचित थे। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पिछले दिनों ऐसे लाभार्थियों को चयनित करने के निर्देश दिए गए थे, जो पात्र होते हुए सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से वंचित थे। क्योंकि इनका नाम 2011 की सेस सूची में नहीं था। डीआरडीए को इनको चिह्नित कर इनके नामों की फीडिंग प्रधानमंत्री आवास प्लस एप पर करनी थी। अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित थी। हालांकि शुक्रवार को वेबसाइट हैंग होने से थोड़ी परेशानी भी हुई। फिर भी एप पर 33121 लाभार्थियों के नामों की फीडिंग की जा चुकी है। इन लोगों को अब नये और चुनावी साल में सरकार आवास की सुविधा प्रदान करेगी। परियोजना निदेशक डीआरडीए डीडी शुक्ल ने बताया कि अभी तक 33121लाभार्थियों के नामों की फी फीडंग हो चुकी है। शासन की ओर से यदि डेट बढ़ाई जाती है तो संख्या में और इजाफा हो सकता है।