निजामाबाद। सजल दिव्य फाउंडेशन ट्रस्ट एवं अद्भुत योग सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार को मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम तीन स्थान पर जिले के युवकों ने कब्जा जमाया। निजामाबाद के नई सड़क पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह साढ़े पांच बजे प्रतियोगिता शुरू हुई। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही आसपास के जिलों के धावक प्रतिभाग के लिए पहुंचे हुए थे। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव ने फीता काट कर किया। प्रतियोगिता नई सड़क से शुरू सेंटरवा मोड़, कठवा पुल, पूरा यार मोहम्मद मार्ग, शीतला धाम, राहुल जूनियर हाई स्कूल होते हुए पुरानी तहसील चौक पर पहुंच कर संपन्न हुई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर दीपक पासवान पुत्र राजेंद्र पासवान, द्वितीय स्थान पर अमित यादव पुत्र हौसला यादव व तृतीय स्थान पर रविंद्र यादव पुत्र लालमैन यादव रहे। प्रथम तीनों स्थान पर जिले के युवकों का ही कब्जा रहा। आयोजन समिति ने प्रथम पुरस्कार के रुप में साइकिल व मेडल प्रदान किया। दूसरे स्थान पर रहे धावक को पंखा व मेडल तथा तृतीय पुरस्कार के रुप में प्रेस व मेडल दिया गया। मैराथन के दौरान एसओ निजामाबाद चंद्रभाष्कर द्विवेदी ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। आयोजक राजेश्वर योगी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद राय, डॉ. सुदर्शन मिश्रा, सिराज आजमी, डॉ. शैलेंद्र नाथ्ज्ञ यादव, संतोष गोंड, राजाराम प्रजापति, ओंकार शास्त्री, श्री प्रकाश चौरसिया, बुद्धिराम यादव, प्रमोद जायसवाल, रमेश गुप्ता, इसरार अहमद, चंद्रेश यादव आदि मौजूद रहे।