आजमगढ़। जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर आंदोलनरत विश्वविद्यालय अभियान ने प्रेस वार्ता कर उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के निजी विवि संबंधी बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना की अपील की। डॉ. डीपी राय ने कहा कि जनपदवासी पिछले कई वर्षों से विवि स्थापना की मांग कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कोई सकारात्मक आश्वासन न देकर निजी विश्वविद्यालय के प्रस्ताव पर विचार करने का बयान देकर जनभावनाओं को ठेस पहुंचाई है। चंडेश्वर पीजी कालेज छात्रसंघ के अध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्धन छात्र-छात्राओं के हितों पर ध्यान न देकर पूंजीपतियों का हित देख रही है। इसका प्रत्येक स्तर पर विरोध होगा। कर्मचारी नेता गुलाब राय ने कहा कि विगत 18 माह से प्रदेश सरकार इस मांग की अनदेखी कर रही है। अधिवक्ता नेता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मजबूरन विश्वविद्यालय नहीं तो वोट नहीं का निर्णय लिया जाएगा। विजय नारायण राय, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, राकेश गांधी, डॉ. सुजीत भूषण, त्रिभुवन प्रसाद मौर्या, शिवबोधन उपाध्याय, बालमुकुन्द सिंह, बादल सिंह, रवि यादव, रिसभ राय आदि उपस्थित रहे।