आजमगढ़। एक जुलाई से शुरू हो रहे वन महोत्सव के क्रम में जनपद की समस्त तहसीलों में स्मृति उपवन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मंडलायुक्त ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर समस्त तहसीलों में 10 हेक्टेेअर भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिसके क्रम में जमीनों की तलाश शुरू हो चुकी है। शासन की ओर से जनपद में लोगों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीनों पर पौधरोपण करने का मन बनाया गया है। इसके तहत जनपद की हर तहसील में एक स्मृति उपवन की स्थापना करने की भी योजना है। इस उपवन में कोई भी व्यक्ति 150 रुपये देकर अपनेे किसी पुरखे की याद में पौधरोपण कर सकता है। वह चाहे तो उस वृक्ष पर अपने पूर्वज का नाम भी अंकित करा सकता है। इस पौधे की देखभाल वन विभाग द्वारा की जाएगी। इस स्मृति वन के लिए मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समस्त तहसीलों में 10-10 हेक्टेअर भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जिसके तहत जिला प्रशासन की ओर से समस्त तहसीलों से भूमि के अभिलेख सहित रिपोर्ट मंगाई जा रही है। ताकि एक जुलाई से शुरू हो रहे वन महोत्सव के दौरान इन चिह्नित जमीनों पर पौधरोपण किया जा सके। अभी तक जिला प्रशासन के पास तीन तहसीलों से ही अभिलेख प्राप्त हुए हैं। बाकी तहसीलों से अभिलेख आने पर उसे मंडलायुक्त के सामने पेश किया जाएगा।