अहरौला। दो साल पहले सुल्तानीपुर गांव से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले 1100 मीटर लिंक रोड पर दो साल से बोल्डर डालकर छोड़ दिया गया है। दो साल बाद ग्रामीणों की ओर से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। गांव के दिनेश कुमार पांडे पुत्र जनार्दन पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा था कि दो साल से सड़क मार्ग खोद कर और बोल्डर डालकर छोड़ा गया है। इसे अभी तक पूरा नहीं किया गया। दो साल पहले मार्ग का निर्माण शुरू हुआ तो किसानों की सरसों, चना, मटर की फसलों को काफी नुकसान हुआ था। किसान ये सोच कर चुप रहे की सड़क का निर्माण हो जाने से गांव के लोग आसानी से मुख्य सड़क तक पहुंच जाएंगे। आज ढाई साल बीतने पर भी वही स्थिति है। बोल्डर पड़े मार्ग से रोजाना लोग गुजरते हैं। गांव के सुनील पांडे, प्रदीप पांडेय, पंकज, पुनीत मौर्य, रजनीश, प्रदीप जायसवाल, शिव प्रसाद जायसवाल, मो. रज्जाक, सद्दाम, संकठा पांडेय, मनोज पांडेय, आदि ग्रामीणों ने बताया ग्रामीणों को भारी समस्या होती है। बोल्डर पड़ने से छोटे बच्चे गिरकर चोटिल हो जाते हैं। शिकायत के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के लोग जांच करने पहुंचे थे। जल्द निर्माण का आश्वासन देकर गए थे। शिकायत के साल भर बाद भी निर्माण कार्य चालू नहीं हो सका है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।