अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र कारूपार गांव स्थित नेशनल ग्राउंड में रविवार को क्रास कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न जनपदों के धावकों और धाविकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की तीन किमी दौड़ में सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम के धावक दीपक पासवान प्रथम स्थान प्राप्त किए। दूसरा स्थान मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना के धावक आनंद राजभर ने हासिल किया। 16 सौ मीटर दौड़ प्रतियोगिता में मुहम्मदाबाद गोहना के धावक सुनील राजभर ने प्रथम और आजमगढ़ के तरवां परमानपुर के धावक शुभम सिंह को दूसरा स्थान मिला। आठ सौ मीटर दौड़ में मुहम्मदाबाद गोहना के धावक मंजू चौहान प्रथम और सगड़ी विनोद यादव दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग की चार सौ मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बूढ़नपुर की धाविका किरन वर्मा ने प्रथम, सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम की ममता गुप्ता ने दूसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर की दौड़ में स्टेडियम की गरिमा पाल प्रथम और खुशबू यादव द्वितीय स्थान पर रही। मुख्य अतिथि एसीडीओ विकास सिंह और विशिष्ट अतिथि राज पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सुरेश यादव रहे। इस मौके पर बैतुल्लाह खान, देवनाथ प्रधान, चंद्रकेश यादव, आशीष, सोनू आदि उपस्थित थे।