आजमगढ़। कृषि महाविद्यालय कोटवा के दो कृषि वैज्ञानिकों को एशियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी, बैंकाक (थाइलैंड) की ओर से फूड सिक्योरिटी एंड सस्टेनेबल एग्रीकल्चर विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया गया है। डा. राजीव कुमार दोहरे को आउट स्टैंडिंग एचीवमेंट अवार्ड और डा. विनय कुमार सिंह को बेस्ट पेपर प्रेजेन्टेशन अवार्ड मिला है। एशियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालोजी, बैंकाक की ओर से अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 21 से 24 दिसंबर को आयोजित किया गया। डॉ. राजीव कुमार दोहरे कृषि महाविद्यालय, कोटवा में सहायक अध्यापक, डा. विनय कुमार सिंह सहायक अध्यापक उद्यान हैं। सम्मान मुख्य अतिथि डा. अशोक कुमार ,उप महानिदेशक ,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, डा. आरसी भुजल, निदेशक एशियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालॉजी, बैंकाक, डा. अरुण सिंह, पूर्व कुलपति बिहार कृषि विश्वविद्यालय, डा. आरपी सिंह रतन पूर्व निदेशक प्रसार, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय रांची, की उपस्थिति में प्रदान किया गया। इससे महाविद्यालय ने विश्व पटल पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दोनों वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेएस सन्धू, अधिकारी, कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। डा. आरके. सिंह, डा. आरके आनन्द, डा. एलसी वर्मा, डा. अशोक कुमार सिंह, डा. अखिलेश कुमार यादव, राधेश्याम सिंह आदि ने बधाई दी है।