रानी की सराय। ग्रामीणों की शिकायत पर एनपीआरसी और एबीआरसी ने प्राथमिक विद्यालय रूदरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक समेत चार सहायक अध्यापक अनुपस्थित मिले। विद्यालय पर केवल शिक्षामित्र ही मौजूद थे। सभी अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है। प्राथमिक विद्यालय रूदरी में काफी दिन से शिक्षिकों के समय से न आने की शिकायत मिल रही थी। गुरुवार को भी ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की तो एनपीआरसी कमलेश और एबीआरसी सुबह साढे़ दस बजे विद्यालय पहुंचीं। औचक निरीक्षण के दौरान सिर्फ दो शिक्षामित्र मौके पर मिले। प्रधानाध्यापिका समेत चार सहायक अध्यापक अनुपस्थित थे। यहां तैनात शिक्षक पूजा राय ने एक दिन पहले ही अपनी बृहस्पतिवार की उपस्थिति हस्ताक्षर बना दी थी। जांच टीम ने उपस्थिति रजिस्टर पर अनुपस्थिति दर्ज कर दी है। बीईओ अशोक कुमार का कहना है कि जांच टीम की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी बीएसए को दे दी गई है।