आजमगढ़। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर प्रदेश सरकार ने शोक में शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। इसके बाद भी शिब्ली पीजी कालेज खुला हुआ था। इस मुद्दे पर अभिभावक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिलाधिकारी से मिला और महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया। अभिभावक महासंघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि राजकीय शोक घोषित होने के बाद भी शिब्ली महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यालय बंद न किया जाना राष्ट्रविरोधी है। महाविद्यालय प्रशासन भले ही महाविद्यालय के बंद होने का दावा कर रहा हो लेकिन यह वास्तविकता है कि महाविद्यालय खुला हुआ था और शिक्षण कार्य को छोड़ अन्य सारे कार्य जैसे प्रवेश की प्रक्रिया आदि संचालित की जा रही थी। इतना ही नहीं उक्त महाविद्यालय पर पूर्व में भी देश और संविधान विरोधी कार्य किये जाने का आरोप लग चुका है। ऐसी स्थिति में महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में शिवम तिवारी, मृगांक सिन्हा, विवेक श्रीवास्तव, कृष्णा मिश्रा, पियूष राय आदि शामिल रहे।