मुबारकपुर। मुहल्ला अलीनगर स्थित मुबारकपुर गर्ल्स पीजी कालेज में गुरुवार को जिलास्तरीय विधिक सेवा प्रधिकरण कार्यक्रम के तहत श्रमिक साक्षरता एंव जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मजदूरों को दी जाने वाली योजना की जानकारी दी गई। प्राधिकरण के सचिव चंद्रशेखर यादव ने कहा कि जितने भी मजदूर तबके के लोग हैं चाहे वह किसी भी प्रकार की मजदूरी कार्य करते हों समस्त मजदूरों को सरकार की योजना का लाभ दिलाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। योजनाओं का लाभ पाने के लिए श्रमिकों को सबसे पहले श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य है। कार्यक्रम में बुनकरों का नाम नहीं लिया गया तो बुनकरों को यह एहसास हुआ कि बुनकर समाज सरकार की योजना से अलग हैं। सचिव ने उनकी शंकाओं का निराकरण कराते हुए उन्हें भी पंजीकरण कराने के लिए कहा। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि यदि श्रम विभाग हीलाहवाली करता है तो बुनकर प्राधिकरण के माध्यम से हमारे पास आएं। उन्हें किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा और न ही कोई फीस देनी होगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मांग किया कि श्रम विभाग द्वारा मुबारकपुर में पंजीकरण शिविर लगाया जाए ताकि क्षेत्र के समस्त मजदूर और बुनकरों को आपना पंजीकरण कराने में सुविधा हो सके। कार्यक्रम में उपस्थित चेयरमैन प्रतिनिधि व सभासद हाजी अब्दुल मजीद अंसारी ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी संभालते हुए शिविर के लिए पालिका कार्यालय का चयन किया। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी अब्दुल मजीद अंसारी, अम्मार अदीबी, सुरेश प्रजापति, हाफिजे ग़ुलाम रसूल रिजवी, गुफरान अहमद, नेहाल हाशिम, खैरुलबशर, अब्दुल गनी आदि शामिल रहे।