आजमगढ़। रोडवेज तिराहे से तत्काल बसों को हटाने, जाम और प्रेशर हार्न से आमजन को राहत दिलाने की मांग लेकर रोडवेज तिराहे पर चल रहा हिन्द सेवा दल निषाद सेना का धरना आमरण अनशन में तब्दील हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशुन निषाद बुधवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए। गुरुवार को क्षेत्रीय प्रबंधक की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाल कर्मकांड किया जाएगा। रामकिशुन निषाद ने कहा कि 29 मार्च को परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर कर्मकांड किया जाएगा। दुर्व्यवस्थाओं से आमजन को निजात नहीं मिल जाता तब तक मैं भूख हड़ताल पर रहूंगा। जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव और जिला सचिव लालजीत यादव ने कहा कि प्रशासन हमारी पांच सूत्री मांगों को अगर पूरा नहीं करता है तो हम आगे की रणनीति तैयार कर जगह-जगह धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि रोडवेज तिराहे पर चालकों और परिचालकों की ओर से बसों को बेतरतीब खड़ी कर जबरन जाम लगाया जाता है। प्रेशर हार्न ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया गया है। जिला प्रशासन कोरे आश्वासनों के जरिए खुद को समेटे हुए है। इससे आमजन में नाराजगी है। छविराज निषाद, राकेश गौतम, प्रेम निषाद, लालसा निषाद, हरेन्द्र यादव, राजनाथ यादव, हौसला निषाद, कैलाश यादव, जामवंत यादव, राजीब गौतम, हरिराम, बृजेश, अखिलेश राजभर, रामपत्त निषाद, महेन्द्र यादव, जितेन्द्र, परमानंद गौतम शामिल रहे।