मेजवां(ब्यूरो)। घर में शौचालय होने के बाद भी खेत में शौच जाने वाले व्यक्ति पर प्रशासन जुर्माना लगाने की तैयारी में है। नगर पंचायत फूलपुर के ईओ ने कर्मचारियों को स्थलीय निरीक्षण कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में नौ सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बैठक हुई थी। जिसमें डीएम ने घर में शौचालय होने के बाद भी खेत में शौच करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया था। साथ ही फूलपुर नगर में पात्र व्यक्तियों के नाम शौचालय बनाने के लिए अवमुक्त धनराशि मिलने के एक सप्ताह के अंदर शौचालय बनवाने का भी निर्देश दिया था। इस क्रम में नगर पंचायत फूलपुर के अधिशासी अधिकारी राजपति अविचल ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर कहा कि यदि जांच के दौरान लोग खेतों में शौच करने जा रहे हों, तो उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाए। ईओ ने बताया कि जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। इसमें दस लोग शामिल हैं। टीम नगर में घूम-घ्ुूम कर ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।