आजमगढ़। एनपीएस के अंतर्गत अध्यापकों और कर्मचारियों के वेतन से की जा रही कटौती आदि मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (रामजन्म सिंह गुट) का जिलाविद्यालय निरीक्षक कार्यालय में चल रहा धरना बुधवार को भी जारी रहा। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती धरना जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि गुरुवार को शिक्षक और कर्मचारी डीआईओएस कार्यालय गेट पर सुबह नौ बजे ही बैठ जाएंगे और कार्यालय में कोई काम नहीं होने देंगे। जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने शिक्षकों से सुबह नौ बजे तक डीआईओएस कार्यालय पहुंच जाने का आह्वान किया। धरने को प्रांतीय अध्यक्ष रामजन्म सिंह, प्रांतीय मंत्री विरेंद्र सिंह, वित्त विहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्यामनारायन सिंह ने भी संबोधित किया। धरने में जर्नादन सिंह, अतुल कुमार सिंह, श्रवण कुमार यादव, कतवारु सिंह, रामनवल सिंह आदि मौजूद थे।