आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक डीएवी इंटर कालेज के सभागार में रविवार को हुई। जिला कार्यकारिणी, तहसील और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों की इस बैठक में निर्णय लिया गया कि बोर्ड परीक्षा के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार किया जाएगा। सात मार्च को आठ सूत्रीय मांगें पूरी न किए जाने के विरोध में डीएवी इंटर कालेज से मशाल जुलूस निकाला जाएगा। प्रदेशीय मंत्री नरेंद्र सिंह और मंडलीय मंत्री जय नरायन पांडेय ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली के साथ वित्तविहीन की मान्यता नियमावली में परिर्वतन किया जाए और सेवा नियमावली बनाकर समान कार्य के लिए समान वेतन और सम्मान जनक मानदेय दिया जाए। अद्यतन कार्यरत तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण कराए जाने, माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करने कंप्यूटर अनुदेशकों को शिक्षक पद पर समायोजित करने की मांग शामिल हैं। आश्वासन के बाद भी मांगें पूरी नहीं की गई। बैठक की अध्यक्षता डा. दिनेश सिंह ने की। संचालन जिला मंत्री लव कुमार राय ने किया। इस मौके पर शिव नरायन सिंह, डा. राम सजीवन पांडेय, सुरेश पांडय, श्याम बहादुर सिंह, जय प्रकाश राय, ओम प्रकाश सिंह, रामाश्रय सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।