लालगंज। विद्या भारती की ओर से संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय प्रतिभा खोज परीक्षा का शुभारंभ पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश की देखरेख में हुआ। प्रदेश स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा का केंद्र सरस्वती पूर्व माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ी लालगंज को बनाया गया है। रविवार को कुल 106 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तर पर टॉप टेन परीक्षार्थियों को चयनित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर भी तीन छात्रों को चयनित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश निरीक्षक शिवाजी राय और संभाग निरीक्षक सुभाष दुबे ने बताया कि परीक्षा में करीब एक लाख परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। 400 अंकों की परीक्षा में हिंदी, संस्कृत, गणित, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और विज्ञान से संबंधित प्रश्न होंगे। केंद्राध्यक्ष प्रधानाचार्य अंशदार यादव की देखरेख में परीक्षा हुई। यहां पर जिले भर के 28 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर प्रमोद कुमार त्रिपाठी, रामकृपाल राय, बैजनाथ सिंह, राजेश पांडे, उषा यादव, प्रेमशीला, गोरख सोनकर, राजेश प्रजापति, स्वामीनाथ प्रजापति आदि थे।