आजमगढ़। मुहल्ला गुलामी का पुरा, टेढ़िया मस्जिद, जालंधरी, बाजबहादुर के निवासियों ने बुधवार को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सुअरों और आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने की मांग की। इससे पहले गुलामी का पुरा से कलक्ट्रेट कर बाइक रैली भी निकाली। मुहल्ले वासियों का कहना है कि छुट्टा घूम रहे सुअर आए दिन बकरी और बच्चों को काटने के साथ गंदगी फैला रहे है। इनके द्वारा फैलाई जा रही गंदगी के कारण हर साल मुहल्ले में रोग फै ल रहे हैं। सुअर पालकों की लापरवाही के कारण यह मंदिर, मस्जिद और लोगों के घरों में घुस जा रहे है। यही नहीं पालने वाले आबादी में इनका मांस खुले रूप में बेच रहे हैं जब कि सुअरों के विचरण करने पर हाई कोर्ट बहुत पहले ही प्रतिबंध लगा चुका है। लेकिन नगर पालिका द्वारा इसका पालन किया ही नहीं जाता है। नगर पालिका एक्ट में सुअरों का पालन और इनके मांस की बिक्री आबादी से बाहर किया जाना दर्ज है। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पत्रक देने वालों में मोहम्मद दानिश, मुख्तार, अली अहमद, राम भरोस, रेहान खान, युसूफ खान, सुफीयान, कैफ खान, इस्तेयाक अहमद, तहमीन फातमा, जूही खातून, साबेरा खातून सहित अनेक लोग शामिल रहे।