आजमगढ़। एडीओ पंचायत मार्टीनगंज और सहायक विकास अधिकारी आईएसबी की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बुधवार को ग्राम पंचायत जगदीशपुर के सफाई कर्मी अनिरुद्घ राय को निलंबित कर मार्टीनगंज विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया है। उक्त मामले की जांच के लिए एडीओ पंचायत मुहम्मदपुर को जांच अधिकारी नामित करते हुए तीन सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एडीओ पंचायत और एडीओ आईएसबी ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत जगदीशपुर का निरीक्षण होना था। जिसके लिए मार्टीनगंज विकास खंड के समस्त सफाईकर्मियों को लगाया गया था। जगदीशपुर में तैनात सफाईकर्मी अनिरूद्घ राय ने सचिव विनोद सरोज और एडीओ आईएसबी से कहा गया कि मैंने आज तक फावड़ा और झाड़ू नहीं उठाया है। इसलिए मेरे द्वारा सफाई कार्य नहीं किया जाएगा। उनका यह आचरण कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्घ है। इसके लिए उन्हें निलंबित करते हुए मार्टीनगंज विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया गया है। एडीओ पंचायत मुहम्मदपुर को जांच अधिकारी नामित करते हुए तीन सप्ताह में जांच आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।