आजमगढ़। मंडलीय अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग को लेकर गुरुवार को एक समाजसेवी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पत्रक सौंपा। जिसमें सोमवार तक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने की स्थिति में भूख हड़ताल शुरू किए जाने की चेतावनी दी गई। मंडलीय अस्पताल ही नहीं जिले के किसी भी अस्पताल पर इन दिनों रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। जिसके चलते मरीजों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। मारपीट आदि के मामले में रिपोर्ट उपलब्ध न होने से काफी दिक्कत आ रही है। मेडिकल मुआयना कराने के लिए मरीजों को गैर जनपदों को भेजा जा रहा है, लेकिन वहां के रेडियोलॉजिस्ट भी अब आजमगढ़ के मेडिकल मुआयने नहीं कर रहे है। लोगों की समस्या को देखते हुए समाजसेवी विनोद कुमार सिंह उर्फ साधू सिंह ने गुरुवार को एसआईसी से मुलाकात कर पत्रक सौंपा। जिसमें सोमवार तक अस्पताल पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने की स्थिति में भूखहड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई।