मेंहनगर। शिक्षा क्षेत्र मेंहनगर के प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर में नए शिक्षा सत्र जुलाई 2018 से ही विद्यालय में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप दूषित पानी दे रहा है। इस पानी से मीड-डे-मील का खाना पकाया जाता है साथ ही बच्चे इसी नल का पानी पीते हैं। इससे अब तक कई बच्चे बीमारी की चपेट आ चुके हैं। इसको लेकर अभिभावकों में रोष व्याप्त है। इस विद्यालय में कक्षा एक से लेकर पांचवीं कक्षा तक 150 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यह बच्चे विद्यालय स्थित हैंडपंप से ही पानी पीने के लिए मजबूर हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि इंडिया मार्का हैंडपंप द्वारा दूषित पानी आने की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को कई बार दी गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। जिससे बच्चों में संक्रमित रोग होने का खतरा बढ़ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी संतोष पांडेय ने बताया कि उन्होंने खंड विकास अधिकारी को सूचना दे दिया है।