आजमगढ़। जल्द ही जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र का भी दिन बहुरने वाला है। केंद्र के आधुनिकीकरण के लिए शासन ने 80 लाख के बजट की स्वीकृति प्रदान किया है। इस धनराशि से मिटिंग हाल और कर्मचारियों के केबिन बनाने आदि का काम कराया जाएगा। शासन ने पांच साल में प्रदेश के सभी जिला उद्योग और उद्यम प्रोत्साहन केंद्रों के आधुनिकीकरण का निर्णय लिया है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2018-19 में पांच जिलों के जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए बजट आवंटित किया गया है। इन पांच जिलों में आजमगढ़ भी शामिल है। शासन ने इस मद में 80 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की है। संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी ने बताया कि जिला उद्योग केंद्र में अब तक मिटिंग हाल नहीं था, जिसके चलते उद्योग बंधुओं की बैठक आदि का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में करना पड़ता था। इतना ही नहीं, कर्मचारियों के बैठने की भी उचित व्यवस्था न होने से उद्योग बंधुओं को कार्यालय पर काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। शासन ने जो बजट जारी किया है, उससे मिटिंग हाल और कर्मचारियों के बैठने के लिए केबिन आदि बनाने का काम कराया जाएगा। बजट आवंटित होते ही काम भी शुरू करा दिया जाएगा। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के आधुनिकीकरण से उद्योग बंधुओं को काफी सहूलियत होगी।