आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा 2017-18 में सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं इस बार सीसीटीवी कैमरे के सामने करानी होगी। यही नहीं प्रधानाचार्यों को इसकी क्लिप सहेज कर रखनी होगी, ताकि बोर्ड की ओर से इसे मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जा सके। डीआईओएस ने सभी प्रिंसिपलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 30 दिसंबर से 13 जनवरी तक संपन्न होंगी। सभी प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं इस बार सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में करानी होगी। साथ ही प्रधानाचार्यों को इसकी क्लिप अपने पास सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड की ओर से यदि इसकी मांग की जाती है तो इसे उपलब्ध कराना होगा। सभी प्रिंसिपलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही निर्देशित किया है कि प्रयोगात्मक परीक्षा संबंधित लिफाफे को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त कर उसी पर प्रयोगात्मक परीक्षा संपादित कराएं। परीक्षा में निर्धारित पूर्णांक में 50 प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक और 50 प्रतिशत अंक वाह्य परीक्षक देगा।