आजमगढ़। सोशल साइट के जरिए ईवीएम से जुड़ा भ्रम फैलाने के आरोप में मंगलवार को कंधरापुर थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।
एसपी त्रिवेणी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उमेश गौतम पुत्र राम आसरे राम है। वह कंधरापुर थाना क्षेत्र के आखापुर गांव का निवासी है। एसपी के मुताबिक उमेश गौतम सोशल साइट फेसबुक के जरिए यह मैसेज दिया था कि प्रशासन सरकार के दवाब में ईवीएम मशीन को बदलकर उसके स्थान पर दूसरी मशीन रखवा रहा है। प्रशासन का इस प्रकार का कृत्य कई जगहों पर ईवीएम बदलते समय रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद उजागर हुआ है। एसपी के मुताबिक इस प्रकार का कहीं भी कोई काम नहीं हो रहा, बावजूद इसके इस तरह का भ्रम फैलाया जा रहा। राजनीतिक माहौल को भी गरमाने का प्रयास किया जा रहा। इस तरह की शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को जांच सौंपी गई। जांच में पता चला कि इस प्रकार का भ्रम उमेश गौतम की तरफ से पोस्ट किया गया है। आरोप सही पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक कंधरापुर अंशुमान यदुवंशी मंगलवार की सुबह उमेश के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। एसपी ने बताया कि इस प्रकार का भ्रामक संदेश सोशल साइटों सहित अन्य माध्यमों से फैलाने वालों पर पुलिस की सख्त नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।