आजमगढ़। मुकेरीगंज पटाखा कांड में शनिवार को एक और झुलसी महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से ही पीजीआई में महिला का इलाज चल रहा था। इस मौत के बाद पटाखा कांड में मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 14 हो गई है।17 मार्च 2019 को शहर के मुकेरीगंज निवासी सतिराम गुप्ता व खिलाड़ी गुप्ता के मकान में अवैध रुप से बने पटाखा गोदाम में आग लग गई थी। अगलगी की इस घटना में परिजनों के साथ ही काम कर रहे कई राजगीर, बेल्डर व मजदूर भी झुलस गये थे। घटना वाले दिन ही चार लोगों की झुलस कर मौत हो गई थी। जिसमें गृहस्वामी परिवार की दो लड़कियां राखी व बेबी पुत्री स्व. श्रीराम भी शामिल थी। वहीं श्रीराम की पत्नी प्रभावती भी गंभीर रुप से झुलस गई थी। अगलगी की इस घटना में 17 लोग झुलसे थे। जिसमें घटना वाले दिन ही आठ लोग की मौत हो गई थी। इसके बाद एक-एक कर प्रतिदिन किसी न किसी की मौत होती गई और 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, प्रभावती का इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा था। प्रभावती पीजीआई लखनऊ में जीवन मौत से संघर्ष कर रही थी। शनिवार को उसकी भी मौत हो गई। प्रभावती के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया। प्रभावती के पति की जहां पहले ही मौत हो चुकी थी तो वहीं दो पुत्रियों राखी व बेबी भी पटाखा कांड में मृत हो गई थी। इसके अलावा दो और पुत्रियां है, जिनके सिर से पिता के बाद अब मां का भी साया उठ गया है।